शिमला। हिमाचल प्रदेश शिक्षा निदेशालय में गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के चुनाव में फैसला बुधवार को मतदान के बाद होगा। इसमें मनकोटिया और हेम सिंह ठाकुर गुट का पैनल आमने-सामने है। दोनों ही तरफ से शिक्षा निदेशालय के कर्मचारी संघ पर कब्जा करने के लिए पसीना बहाया जा रहा है। प्रधान पद के लिए त्रिलोक ठाकुर और दीप राम शर्मा के बीच मुकाबला है।
इस पद पर कौन बाजी मारेेगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर ओपी मेहता, देवेंद्र चौहान और तारा दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष पद पर नंद लाल वर्मा और विक्रम ठाकुर, महासचिव पद पर रविंद्र मेहता, नरेंद्र ठाकुर और बलबीर मोदका आमने सामने हैं। संयुक्त सचिव पद पर राजेंद्र तपवाल का मुकाबला महिला प्रत्याशी हेमलता से है। कार्यकारिणी के सात पदों के लिए दस प्रत्याशी चुनावी समर में हैं। बुधवार को होने वाले चुनावों में 310 वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। सुबह 10:00 बजे से 3:00 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद गणना पूरी होने के बाद शाम तक रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए चुनावी समर में उतरे दोनों ही प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। त्रिलोक ठाकुर का कहना है कि कर्मचारी उनके साथ हैं, उन्हें भारी समर्थन मिल रहा है। वहीं दीप राम शर्मा का कहना है कि कर्मचारी उनके साथ हैं। प्रचार के दौरान भारी समर्थन मिल रहा है। इसमें से एक गुट हेम सिंह ठाकुर और दूसरा गुट मनकोटिया गुट के नाम पर वोट मांग रहे हैं।
——-
महिला कोटे से निर्विरोध उपाध्यक्ष का चयन
शिमला। उपाध्यक्ष पद की एक सीट महिला प्रत्याशी के लिए आरक्षित थी। इसके लिए आवेदन भी एक ने ही किया था। इस पद पर चुनाव के लिए निर्मल भंडारी को निर्विरोध चुना गया है।