
ऊना। धमांदरी में मधुमक्खियों के झुंड ने एक दंपति पर हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया है। स्थानीय लोगों ने बमुश्किल दोनों को उनके चंगुल से छुड़ाया। जबकि घटना के बाद दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार धमांदरी निवासी दिलीप चंद एवं उनकी पत्नी रचना देवी कहीं जा रहे थे। इसी दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने उनपर हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
कामगार बोर्ड की योजनाएं बताई
बाथू (ऊना)। क्षेत्र के बाथू में भवन निर्माण एवं कामगार बोर्ड की निदेशक एवं महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुरेखा राणा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष कामरेड जगतराम ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। बैठक में भवन निर्माण एवं कामगार बोर्ड के क्रियाकलापाें पर प्रकाश डाला गया तथा कामगार बोर्ड की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में बताया गया। सुरेखा राणा ने बताया कि जो व्यक्ति भवन निर्माण बोर्ड में अपना पंजीकरण करवाएगा, बोर्ड की ओर से उसे तीन महीने के अंदर-अंदर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। जिसमें उनका बीमा, भवन, निर्माण के लिए आर्थिक सहायता, बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता तथा कामगार को साइकिल प्रदान करना शामिल है। इस मौके पर विजय कुमार, दिनेश कुमार, कुलविंद्र सिंह सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।