शमशी (कुल्लू)। मंडी लोकसभा उपचुनाव को लेकर हिलोपा ने भाजपा के विरोध में बिगुल बजा दिया है। वीरवार को शमशी में आयोजित हिलोपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में हिलोपा अध्यक्ष महेश्वर सिंह ने कहा कि हिलोपा के कार्यकर्ता मंडी उपचुनाव में भाजपा का विरोध करेंगे। भ्रष्टाचार, भाईभतीजावाद और गरीबों की अनदेखी आदि मुद्दों को लेकर हिलोपा भाजपा का विरोध करेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की हार सुनिश्चित करने का ऐलान किया। बताया कि हिलोपा पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र में बैठकें कर भाजपा का विरोध करेंगे। 31 मई को मंडी में हिलोपा की बैठक होगी। इस उपचुनाव में हिलोपा को मजबूत करना लक्ष्य रहेगा। इसके लिए पार्टी सदस्यता अभियान पर भी जोर देगी।
हिलोपा का कोई भी नेता कांग्रेस के मंच पर नहीं जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी कांग्रेस के मंच पर न जाने की अपील की। महेश्वर सिंह ने कहा कि भाजपा ने अपने शासनकाल में प्रदेश में भू माफिया को बढ़ावा दिया है। प्रदेश की जमीन को विश्वविद्यालयों के नाम पर बेचा है। वे प्रदेश के लोगों के हितों की लड़ाई सदैव लड़ते रहे हैं। महेश्वर सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले भी स्की विलेज का विरोध किया था और आगे भी वे इसका विरोध करेंगे।
महेश्वर सिंह ने कहा कि वे देवभूमि कुल्लू की जमीन को विदेशियों के हाथ किसी भी कीमत पर नहीं बेचने देंगे। वे देवभूमि की संस्कृति को बचाने के लिए हर लड़ाई लड़ने को तैयार रहें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को वोट जरूर देने का आह्वान किया और कहा कि हिलोपा इस उप चुनाव में भाजपा का विरोध करेगी। सम्मेलन में हिलोपा के प्रदेश उपाध्यक्ष खुशीराम बालनाहटा, प्रदेश उपाध्यक्ष बाबू राम मडियाल, जिला अध्यक्ष गोपी चंद शर्मा, युवा सेना महामंत्री गौरव शर्मा और तजेंद्र कपूर, जिला परिषद सदस्य हितेशवर सिंह, प्रदेश महिला वाहिनी की कृष्णा ठाकुर, द्रंग मंडल की अध्यक्ष ज्योति ठाकुर, कुल्लू के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, मनाली अध्यक्ष वीरचंद, जिला महिला मोर्चा की लता कपूर, अमरनाथ, राजेंद्र सूद, मोहर सिंह ठाकुर, प्रताप ठाकुर, आलम चंद, डिपंल जंबाल, प्रेम चंद, गोविंद सिंह गुलेरिया, दीपलाल महंत, प्रीतम, इंद्रा ठाकुर, नारायण दा, दुर्गा धामी, तेजा भारद्वाज, कल्पना ठाकुर और जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र शर्मा मौजूद थे।