बोलेरो सतलुज में गिरी, दो लापता

रामपुर बुशहर। रामपुर की बजीर बावड़ी के पास एक बोलेरो कैंपर सतलुज में जा गिरी। हादसे में गाड़ी में सवार दो लोग नदी में बह गए। एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को रामपुर के खनेरी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर नदी में बह गए दो लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक बोलेरो कैंपर (एचपी-06ए 3714) जगातखाना से नोगली की ओर जा रही थी। इसी दौरान बजीर बावड़ी के पास गाड़ी सतलुज नदी में जा गिरी। हादसे में श्याम लाल निवासी पोशना गंभीर रूप से घायल हो गया। संतोष कुमारी पत्नी श्याम लाल निवासी पोशना और गाड़ी का चालक पेगा राम नदी में बह गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। घायल श्याम लाल को तुरंत खनेरी अस्पताल लाया गया। यहां उसका उपचार चल रहा है। गाड़ी में सवार दो अन्य लोगों का अभी तक कोई पता नहीं लग पाया है। पुलिस का एक दल नदी में बहे लोगों की तलाश में जुटा है।
रामपुर के डीएसपी सुनील नेगी ने बताया कि गाड़ी में तीन लोग सवार थे। इसमें एक महिला और चालक नदी में बह गए हैं। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। इसे रामपुर के खनेरी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस लापता लोगों की तलाश में जुटी है। खबर लिखे जाने तक नदी में बह गए लोगों का कोई पता नहीं लग पाया था।

Related posts