
खराहल (कुल्लू)। मंडी लोकसभा उपचुनाव की घोषणा के साथ ही दोनों दलों के बागियों की कीमत भी बढ़ गई है। विस चुनाव में अच्छे खासे वोट बटोरने वाले दिग्गजों पर राजनीतिक दलों की खास नजर है। विधानसभा चुनाव में बागी बतौर आजाद प्रत्याशी चुनाव लड़कर 26 हजार से ज्यादा वोट ले गए थे। कई जगह इन्होंने अपने दल का गणित बिगाड़ दिया था। लिहाजा अब दोनों दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए रूठों को मानने का दौर अंदर खाते शुरू कर दिया है।
मंडी संसदीय उपचुनाव को देखते हुए बागियों के वोट बैंक की खास अहमियत मानी जा रही है। सराज विस के विधायक एवं पूर्व मंत्री जय राम ठाकुर भाजपा के उम्मीदवार होने से मुकाबला कड़ा हो सकता है। लिहाजा, एक-एक वोट बैंक की कीमत बढ़ गई है। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह की जीत सुनिश्चित करने के लिए बागियों के वोट पर पार्टी की खास नजर है।
कुल्लू जिला में बागियों में पूर्व मंत्री आनी से ईश्वर दास, कुल्लू सदर से पूर्व बागवानी मंत्री की धर्मपत्नी प्रेमलता ठाकुर, मनाली से धर्मवीर धामी शामिल हैं। इन सभी विस चुनाव के वोटों का योग किया जाए तो यह करीब 26,668 मत बनते हैं। प्रत्याशियों में मुकाबला कांटे का हो गया तो बागियों का वोट बाजी पलटने का मादा रखता है। भाजपा से रूठे नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने का दौर भी मनाली विस के विधायक गोविंद सिंह ठाकुर ने शुरू कर दिया है। जिला में गोविंद ठाकुर और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह को खोए हुए जनाधार को वापस पाने के लिए अथक प्रयास करने होंगे।
किसने कितने लिए थे वोट
2012 के विधानसभा चुनाव में धर्मवीर धामी ने 14346, प्रेमलता ठाकुर ने 7150, आनी से ईश्वर दास ने 5172 मत अर्जित किए थे। इन तीनों बागियों के वोटों का योग 26 हजार से ज्यादा बनता है। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि जिला में इन तीनों नेताओं की अहमियत को नकारा नहीं जा सकता है।