
चंबा। लंबे अरसे से बंद पड़े रूटों पर बस सेवा बहाल होने की उम्मीद जगी है। एचआरटीसी प्रदेश में लगभग 300 चालकों की तैनाती करने जा रहा है। चंबा डिपो में चालकों के खाली चल रहे पदों को भरने की कवायद शुरू होगी। नियुक्ति के बाद बंद रूटों पर रूटीन में बसें भेजी जाएंगी।
चंबा डिपो में 25 चालकों की नियुक्ति होने की उम्मीद है। इन पदों के भरने के बाद बंद रूटों को बहाल किया जाएगा। आधा दर्जन के करीब रूटों पर निगम की बसें नहीं जा पा रही हैं। लोकल रूट भी चालकों की कमी के कारण बंद पड़े हैं। एचआरटीसी के एरिया मैनेजर विनोद कुमार ठाकुर ने बताया कि चालकों की नियुक्ति के बाद ही बंद पड़े रूटाें पर बस सेवा बहाल होगी। चालकों की तैनाती के आदेश आने वाले हैं। चालकों की तैनाती पर चंबा-छतराड़ी सहित अन्य रूटों पर बस सेवाएं रूटीन में भेजी जाएंगी। इधर, चंबा-बैरागढ़ रूट पर निगम की बस चलनी शुरू हो गई है। चालकों के छुट्टी काट कर आने के बाद ड्यूटी एडजस्ट करके इस रूट को चलाया गया है।
चंबा-छतराड़ी और चंबा-धर्मपुर रूटों पर चालकों की तैनाती होने के बाद बसें चलेंगी। चंबा-धर्मपुर रूट पर बस न चलने के कारण चंबा से पालमपुर और सुजानपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी पेश आ रही है। इस बस में टांडा मेडिकल कालेज में उपचार करवाने वाले मरीज भी सफर करते हैं। इस रूट को बहाल करने की मांग लोग कर रहे हैं। चालकों की तैनाती एक सप्ताह के अंदर होने की संभावना है।