बल्ह कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष की हादसे में मौत

रिवालसर (मंडी)। ग्राम पंचायत बाल्ट के बाग गांव निवासी और कांग्रेस नेता सेवानिवृत्त सूबेदार रूप लाल की ट्रैक्टर हादसे में घायल होने के बाद चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। 14 मई को ट्रैक्टर हादसे में रूप लाल (54) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल होने के बाद उनका चंडीगढ़ स्थित सैनिक हास्पिटल में उपचार चल रहा था। बीते रोज उनकी मौत हो गई। वह बल्ह कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी थे। उनके निधन से बल्ह घाटी में शोक की लहर है।
रूप लाल ने हादसा होने से एक दिन पहले ही नया ट्रैक्टर खरीदा था। अगले दिन 14 मई को मां नैना देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए गए। इस दौरान वह खुद ही ट्रैक्टर चला रहे थे। घर वापसी पर बीच रास्ते में सिध्याणी के पास ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जख्मों के ताव को न सहते हुए वीरवार को चंडीगढ़ के अस्पताल में करीब तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, बल्ह कांग्रेस मंडल प्रधान कुलदीप ठाकुर, डूम राम, शंकर सैनी, रमेश वालिया, नेत्र सिंह ठाकुर, मान सिंह, विहारी लाल, सूबेदार टेक चंद, हेम राज, पवन शर्मा, पवन गुप्ता, सागर कमल, सुंदरनगर विस क्षेत्र के विधायक एवं संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, लक्ष्मी दत्त, इंद्रवीर सिंह, प्रेम सागर आदि ने रूप लाल की मौत पर शोक प्रकट किया है। वहीं, परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Related posts