
शिमला। महिला आयोग कोर्ट में वीरवार को 18 मामलों पर सुनवाई हुई। कुछ मामलों में आयोग ने फैसला सुनाया तो कुछ में दूसरे पक्ष को भी कोर्ट में तलब होने के आदेश दिए गए। आयोग में शिकायत लेकर पहुंची एक महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने धोखे से शादी कर ली। शादी के एक महीने बाद वह घर से फरार है। उसके जाने के बाद ससुराल वालों ने ताने देकर मारपीट शुरू कर दी। कुछ दिन तक सहन किया पर पानी सिर से ऊपर हो गया तो उसने ससुराल छोड़ दिया। अब रहने के लिए उसकी सहेली ने सहारा दिया है।
महिला ने कहा कि शादी से पहले वह एक लड़के के साथ रहती थी। उसने शादी का वादा किया। लेकिन कुछ दिन बाद पता चला कि लड़का दूसरे धर्म का है और उसने अपना झूठा नाम बताया है। असलियत पता चली तो शादी के लिए मना कर दिया। इस पर लड़के ने उसकी (महिला) की अश्लील तस्वीरें दिखाकर ब्लैकमेल किया और धर्म बदलकर शादी करने को दबाव बनाया। आखिरकार वह मान गई और उसने अगस्त 2012 में शादी रचा ली। लेकिन उसका पति शादी के एक महीने बाद ही उसे छोड़कर चला गया। महिला आयोग ने एसडीएम, डीसी और एसपी को लड़के और उसके घर वालों के खिलाफ एक लेटर लिखने का निर्णय लिया है। साथ ही लड़के को खोजने के लिए पुलिस का सहारा लिया जाएगा।
………………………
बीवी कहती है, वह किसी और को चाहती है
महिला आयोग पहुंचे युवक ने शिकायत कि उसकी शादी इसी साल अगस्त में हुई है। शादी के दो हफ्ते बाद उनकी पत्नी घर छोड़कर चली गई। वह कह रही है कि उसकी शादी जबरदस्ती की गई है। वह किसी और को प्यार करती है। वहीं, लड़की के रिश्तेदार ने बताया कि उसकी तबियत खराब है। ससुराल वाले उसकी देखभाल नहीं करते, इसलिए वह मायके आ गई है। आयोग ने युवक को पत्नी के पास जाने और उससे बातचीत करने की सलाह दी। मामला फिर भी न सुलझा तो आयोग आने की सलाह दी।
…………………….
ससुराल वाले दहेज के लिए तंग करते हैं
आयोग में महिला ने शिकायत की कि उसका पति उत्तराखंड में एक निजी कंपनी में काम करता है। शादी के कुछ समय बाद वह काम पर लौट गए और वह ससुराल में ही रही। लेकिन पति के जाने के बाद ससुराल वालों ने मारपीट शुरू कर दी। आठ-नौ महीने ससुराल में रहने के बाद वह वापस मायके आ गई। इस मामले में महिला आयोग ने महिला के ससुराल वालों और पति को समन भेजा है। आयोग के अगले कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई की जाएगी।