कुल्लू। प्राथमिक शिक्षक संघ में छिड़ा घमासान समानांतर संघ बनने के बाद भी नहीं थम पाया है। समानांतर संघ के जिला अध्यक्ष डीणे राम ने कहा कि प्राथमिक संघ के चुनाव में मिली हार कोे कुछ लोग अभी तक नहीं पचा पाए हैं। अनापशनाप बयानबाजी कर प्रदेश के करीब 25000 हजार शिक्षकों को भ्रमित कर रहे हैं।
उन्होंने संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र केवला पर हमला बोलते हुए कहा कि पूर्व में वह इसी संघ से खंड, जिला और प्रदेश स्तर तक अध्यक्ष पद पर रहे हैं। अब हारने के बाद संघ को असंवैधानिक करार दे रहे हैं। डीणे राम ने दावा किया कि उनका संघ अखिल भारतीय शिक्षक संघ के तहत पंजीकृत है और शिक्षा विभाग से भी मान्यता मिली है। कहा कि देवेंद्र केवला को निष्कासित किया है और अब संघ कुल्लू करीब 10-11 लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगेगी। जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो उन्हें छह साल के लिए संगठन से बाहर किया जाएगा।
जिला कुल्लू में जो संघ को भ्रमित कर रहे हैं वह लोग भी अपनी हार को नहीं पचा पा रहे। संघ असंवैधानिक है तो चुनाव को हुए छह माह का समय हो गया है। ऐसे में यह लोग आज तक कहां थे। जिला कुल्लू में 1850 प्राथमिक शिक्षक संघ के सदस्य हैं। इसी संघ के बैनर तले संघ की समस्याओं और मांगाें को सरकार तथा विभाग के समक्ष रखा जाता रहा है। 4 जून को शिक्षा विभाग ने बैठक के लिए उन्हें शिमला बुलाया है। जहां पर शिक्षकों की समस्याओं को निदेशालय के समक्ष रखेंगे। 15 अप्रैल को जिला शिक्षक संघ की बैठक हुई थी और जिला के लगभग सभी खंडों के पदाधिकारियों तथा सदस्यों ने भाग लिया। वर्तमान में संघ के प्रदेशाध्यक्ष लाल चंद मेहता और महासचिव संजय अत्री है। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरनाम सिंह, उपाध्यक्ष विपुल सोहल, संसार चंद, कुल्लू खंड दो के प्रधान दयाल ठाकुर, नग्गर खंड के कोषाध्यक्ष लोत राम तथा सदस्य टेक सिंह मौजूद थे।