प्रतिभा मजबूरी में लड़ रही है चुनाव : राम सिंह

कुल्लू। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह ने कहा कि महलों में रहने वाली कांग्रेस की प्रत्याशी प्रतिभा सिंह मजबूरी में चुनाव लड़ रही हैं। उनका कहना है कि जनता इस बात को भली भांति जानती है कि महलों से बाहर तभी निकला करते हैं जब बहुत ही मजबूरी होती है। जनता के वोट बटोरने के बाद यह लोग जनता के दु:ख दर्द को भूला देते हैं और महलों में आराम फरमाते हैं।
राम सिंह ने कहा कि इसका उदाहरण जनता के सामने है। 2004 में मंडी संसदीय चुनाव जीतने के बाद वह कहीं पर भी नजर नहीं आई। सांसद रहते हुए प्रतिभा सिंह ने कुल्लू की जनता का दर्द नहीं समझा। इस दौरान मनाली के सोलंगनाला के ग्रामीण आगजनी की पीड़ा से पीड़ित थे और प्रतिभा सिंह भुंतर में एक रेस्तरां में पकवानों का मजा उठा रहीं थीं। अब चुनावी बेला पर प्रतिभा सिंह और कांग्रेसी नेता सिर्फ चुनाव के समय ही दर्शन देते हैं और वोट लेकर सत्ता हासिल करने के बाद दर्शन देना अपनी शान के खिलाफ समझते हैं। राम सिंह ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी जयराम जनता के बीच हमेशा उपलब्ध रहने वाले व्यक्ति हैं। राम सिंह ने कहा कि जनता पर चुनाव कांग्रेस ने थोपे हैं इसका जनता ही कांग्रेसियों को सबक सिखाएगी।

Related posts