सुबाथू (सोलन)। प्रतिबंध के बावजूद जिला सोलन में जंगली जानवरों का शिकार किया जा रहा है। वन विभाग सुबाथू की शड़ियाणा पंचायत के कोठी चपला गांव किसी ने सांभर पर गोली दाग दी। निजी भूमि पर यह शिकार हुआ है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।
मौके पर पुलिस और वन विभाग ने पहुंचकर जानवर का शव कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जानवर की मौत गोली लगने से हुई है। जानवर करीब छह फीट लंबा और 5 क्विंटल वजनी था। इस संबंध में वन विभाग के आरओ पवन कुमार अचल ने इसकी पुष्टि की है। पशु चिकित्सक डा. चंद्र कुमार ने बताया कि सांभर गोली लगने से मरा है। डीएसपी परवाणु ने बताया कि बीती रात ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर एक सांभर को मृतक पाया।
स्थानीय निवासी नारायण सिंह नेगी ने बताया कि बीती शाम करीब 7 बजे उनकी धर्मपत्नी कृष्णा देवी अपनी मलकीयत भूमि पर घास काट रही थी कि उन्हें गोली चलने की आवाज आई जिसके पांच मिनट बाद सांभर की जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आई। कृष्णा देवी डर कर घर वापस आ गई और अपने पति नारायण सिंह को सारी बात बताई। उसके बाद मौके पर नारायण सिंह नेगी ने कुछ अज्ञात लोगों को मौके पर देखा, तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया है।
यहां जमकर होता है शिकार
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में कई लोग जंगली जानवरों का शिकार और तस्करी करते हैं जिसके कारण महिलाओं को अपनी घासनी में घास काटने में भी भय लगता है। स्थानीय वार्ड सदस्य जगदीश चंद्र ने पुलिस विभाग और वन विभाग से शिकारियों पर शिकंजा कसने की मांग की है।
मुकदमा दर्ज होगी जांच
डीएसपी परवाणु निश्चिंत नेगी ने बताया कि पुलिस ने वन्य प्राणी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं इस संबंध में आरओ पवन अचल ने कहा कि कि क्षेत्र में इन तरह की घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग सख्ती बरतेगा।