
भवारना (कांगड़ा)। आम लोगों के घर तो शातिर चोरों के निशाने पर हैं ही, लेकिन अब पुलिस वालों के घर भी सुरक्षित नहीं रहे। चोरों को पुलिस का भी खौफ नहीं रहा। भवारना में शातिर चोर यहां एक पुलिस कर्मचारी के घर गहनों पर हाथ साफ कर गए। पुलिस थाना भवारना के तहत शुक्रवार रात को तीन अलग-अलग जगह पर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। गांव अरला में चोर करीब 50 हजार के सोने के जेवर और गांव जड़वाणा से करीब 25 हजार के चांदी के गहने ले उड़े हैं। वहीं गुग्गा सलोह में चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा है। पुलिस ने अरला तथा जड़वाणा के मामले में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार अरला में सरोजनी देवी पत्नी सुनील कुमार के घर से शुक्रवार रात को चोर करीब च्चास हजार के सोने के गहने उड़ा ले गए हैं। सरोजनी देवी के पति सुनील कुमार दिल्ली में नौकरी करते हैं। घर में सरोजनी देवी, उनकी सास व ससुर थे। शनिवार सुबह पुलिस को चोरी की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया तथा केस रजिस्टर कर लिया है। वहीं जड़वाणा गांव में कु लदीप कुमार के घर से चोरों ने शुक्रवार रात को ही करीब पच्चीस हजार के चांदी के गहने चोरी किए। कुलदीप कुमार दिल्ली पुलिस में कार्यरत हैं तथा अपनी पत्नी और माता सहित वहीं रहते हैं। पुलिस को शनिवार सुबह उनके भतीजे राजकुमार ने घटना की जानकारी दी। भवारना पुलिस ने जड़वाणा जाकर मौके का दौरा किया। उधर, चोरों ने गुग्गा सलोह में भी रचना देवी के घर में सेंध लगाई। लेकिन वहां उन्हें कुछ हाथ नहीं लगा। चोर रचना देवी के पुराने घर में घुसे थे। रचना देवी पुराने घर के साथ ही अपने नए घर में थी। चोरों ने वहां सारा सामान इधर-उधर कर दिया था। एसएचओ भवारना ब्रह्मदास ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने सलोह तथा जड़वाणा के मामले में मामला दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। एसएचओ ने कहा कि पुलिस असामाजिक तत्वों से सख्ती से पेश आएगी।