पहले सिपाही को गोली मारी, घिरा तो खुद को उड़ा लिया

नई दिल्ली। नरेला इलाके में एक व्यक्ति से चेन छीनकर भाग रहे बदमाश ने सिपाही के सीने में गोली मार दी। पुलिस के पीछा करने पर बदमाश एक फ्लैट में छिप गया। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। बदमाश ने पुलिस पर दो राउंड फायर किए और छत पर जाकर कनपटी में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घायल सिपाही का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात ए-10 ब्लॉक नरेला से एक बाइक चोरी की शिकायत मिली। इसे देखते हुए सोमवार दोपहर नरेला थाने में तैनात सिपाही सतेंद्र, किशोर और प्रभात इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को स्कूटर सवार उमेश गुप्ता से सोने की चेन झपटे जाने की जानकारी मिली। सतेंद्र ने देखा कि भाग रहा बदमाश रविवार रात चोरी की गई बाइक पर सवार है। तीनों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश सतेंद्र के सीने में गोली मारकर वहां से फरार हो गया। सिपाही प्रभात ने सतेंद्र को राजा हरिश्चंद अस्पताल पहुंचाया, जबकि एक अन्य सिपाही किशोर बदमाश का पीछा करने लगा। साथ ही उसने वायरलेस पर इस घटना की जानकारी थाने को दी। पुलिस को पीछा करते देख बदमाश ए-9 ब्लॉक स्थित डीडीए फ्लैट में जाकर छिप गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। लेकिन बदमाश गोली चलाते हुए छत पर पहुंचा और अपनी कनपटी में गोली मार खुदकुशी कर ली। पुलिस तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उसकी मौत हो गई। उसकी पहचान बाकनेर निवासी कुलदीप के रूप में हुई। वह इलाके का घोषित बदमाश था। उधर, बदमाश की गोली से घायल सिपाही सतेंद्र की हालत नाजुक बनी हुई है। गोली उसके गर्दन के नीचे सीने के पास लगी है। पहले उसे राजा हरिश्चंद अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां से मैक्स रेफर कर दिया गया।

जेल से 15 दिन पहले ही आया था बाहर
बदमाश कुलदीप 15 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। नरेला पुलिस ने उसे वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस को उसके पास से रविवार को चुराई गई बाइक मिल गई है। उसके पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक उसने करीब छह राउंड गोली चलाई।

एक घंटे तक फैली रही सनसनी
दोपहर करीब डेढ़ बजे कुलदीप ने उमेश से चेन झपटी। इसके बाद से पुलिस और बदमाश के बीच करीब एक घंटे तक लुकाछिपी चलती रही। करीब ढाई बजे कुलदीप ने खुद को गोली मार ली।

Related posts