
ऊना। जिला ऊना पुलिस की एक टीम पंजाब में डटी हुई है। टीम बसोली में युवती से रेप के बाद हत्या के मामले की छानबीन कर रही है। सप्ताह भर पहले बसोली में संदिग्ध अवस्था में युवती का शव बरामद हुआ था। युवती से दुराचार के बाद उसकी हत्या करके उसे बसोली में पहाड़ी से फेंका गया था। पुलिस का मानना है कि यह वारदात का शिकार युवती पंजाब राज्य की हो सकती है। इस वारदात से उपजी सनसनी बरकरार है। धार्मिक स्थल पीरनिगाह में बढ़ती वारदातों से स्थानीय लोग दहशत में है।
कु छ रोज पहले पीरनिगाह में ही पंजाब से माथा टेकने आई आठ साल की एक छात्रा से भी दुराचार हुआ था। इस मामले में आरोपी रिमांड पर चल रहा है। जबकि एक अन्य युवती से रेप के बाद मर्डर के मामले में न तो अभी तक शव की शिनाख्त हो सकी है और न ही कातिलों का पता चल सका है। पुलिस का दावा है कि इस रेप एंड मर्डर केस में एक गाड़ी पर शक जताया जा रहा है। उस गाड़ी के बारे में भी पुलिस की टीम पंजाब में छानबीन कर रही है। पंजाब में डटी टीम मौजूदा दौर में जालंधर और कपूरथला के चक्कर काट रही है। हालांकि वारदात के संदर्भ में कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
एसपी केसी शर्मा ने कहा कि वारदात का शिकार युवती के चित्र पंजाब के सभी थाना चौकियों को भी भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि टीम पंजाब में डटी हुई है। एसपी ने दावा किया है कि पुलिस जल्द ही यह पता लगाने में कामयाब हो जाएगी कि यह युवती कहां की थी। उन्होंने कहा कि कातिल भी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।