नहाते समय ब्यास नदी में डूबा बालक

लडभड़ोल (मंडी)। जोगिंद्रनगर उपमंडल की लडभड़ोल तहसील के अंतर्गत सांढापतन गांव का 15 वर्षीय बालक शनिवार को ब्यास नदी में डूब गया। बालक अपने दोस्तों के साथ सांढापतन स्थित ब्यास नदी में नहा रहा था। सूचना मिलते ही एसडीएम जोगिंद्रनगर किशोरी लाल मौके पर पहुंचे। डूबा बालक निजी स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के जानकारी के अनुसार अभय पुत्र बीरी सिंह गांव सांढापतन शनिवार को अपने दोस्तों के साथ ब्यास नदी में नहाने गया था। नहाते वक्त अभय गहरे पानी की तरफ चला गया, जहां से वह बाहर नहीं निकल सका। अपने दोस्त को पानी के अंदर काफी देर गए हुए पाकर साथियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे लोग इकट्ठे हो गए, मगर अभय को निकाला नहीं जा सका। स्थानीय लोगों की सूचना पर लडभड़ोल पुलिस का दल घटनास्थल पर पहुंचा तथा शव की तलाश में जुट गया।
इधर, लडभड़ोल चौकी के एएसआई कर्ण सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि बालक अपने दोस्तों के साथ कुछ दूरी पर नहा रहा था, जो गहराई में जाने पर बाहर नहीं निकल पाया। उन्होंने बताया कि अभय का परिवार पिछले लंबे समय से मुंबई में रह रहा था। साल भर पूर्व ही सभी लोग अपने घर पर रहने लगे थे। पुलिस को शनिवार देर सांय तक बालक का शव बरामद नहीं हो सका। हालांकि स्थानीय लोगों के सहयोग से ब्यास नदी के किनारों पर शव की तलाश जारी रही। इधर, घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम जोगिंद्रनगर किशोरी लाल भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। खबर लिखे जाने तक शव की तलाश जारी थी। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई है।

Related posts