धूमल सरकार ने हिमाचल के हित बेचे : कौल

बरोट (मंडी)। स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने मंडी संसदीय उप चुनाव में पार्टी प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के समर्थन में शुक्रवार से चौहारघाटी का दौरा शुरू किया। उन्होंने कई पंचायतों में जनसभा कर जनता से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
कौल सिंह ठाकुर ने बरोट, लपास, वरधान पंचायतों के मियोट, खलैल, छोटी झरवाड़, बड़ी झरवाड़, बरेाट, कोध, लपास, वरधान, लचकड़ी, बोचिंग, भूजी आदि गांवों में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। द्रंग चुनाव क्षेत्र के मियोट बूथ में चुनावी सभा में कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व धूमल सरकार के समय विकास के काम ठप होकर रह गए थे। कांग्रेस ने जिन योजनाओं को शुरू किया था, भाजपा ने सत्ता में रहते हुए उनको बंद करने का काम किया। धूमल सरकार के समय हिमाचल को बेचने के सिवाय कोई काम नहीं हुआ। कांग्रेस सरकार के चार माह के कार्यकाल में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में चहुंमुखी विकास हो रहा है। बरोट से मियोट के लिए शीघ्र ही सड़क का उद्घाटन कर बस सेवा चालू की जाएगी।
क्षेत्र के किसानों की सुविधा के लिए टीकन में सब्जी मंडी का निर्माण व चौहारघाटी क्षेत्र के टीकन में सब तहसील दी जाएगी। इस मौके पर द्रंग ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष जोगिंद्र गुलेरिया, महामंत्री वामन देव, उपाध्यक्ष अशोक, बरोट पंचायत प्रधान चमेल, लपास पंचायत प्रधान मीना देवी, वरधान पंचायत उप प्रधान अनिल आदि मौजूद थे।

Related posts