दो सड़क हादसों में 12 यात्री घायल

जुखाला/बरठीं (बिलासपुर)। जिले में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा घटनाक्रम में शनिवार को हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में 12 यात्री घायल हो गए हैं। इनमें से दो को जिला अस्पताल से आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पहला हादसा बरठीं में हुआ जबकि दूसरा जुखाला क्षेत्र के ध्यानापुल में हुआ।
जानकारी के अनुसार बरठीं के समीप सरगल चौक पर शनिवार को कार और टाटा सूमो में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। तीन को सिर पर गहरी चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिमला से ऊना की ओर जा रही टाटा सूमो सरगल चौक पर अचानक एक कार से टकरा गई। इससे सूमो में सवार चमन भारती, मथुरा देवी, रूप लाल ठाकुर, रोहिणी, राजेश, अनिल घायल हो गए। ये सभी शिमला जिले के घणाहटी के बताए जा रहे हैं। मारुति मेें सवार बरठीं के राधे शाम और सुनील को भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया। यहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घायलाें में रोहिणी, राजेश और अनिल को सिर पर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
अन्य घटना के तहत हमीरपुर-ब्रह्मपुखर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घ्याणा पुल से एक कार अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गई। घटना शनिवार सुबह करीब छह बजे की है। इसमें चार व्यक्ति घायल हो गए। इनमें से दो व्यक्तियों को पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक एक हादसे में भाग सिंह, रणजीत सिंह, जगतराम और नंद लाल घायल हो गए हैं। इनमें से रणजीत सिंह और नंद लाल को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।

Related posts