दो सड़क हादसों में पंद्रह घायल

रामपुर बुशहर/किन्नौर। किन्नौर और रामपुर में दो विभिन्न सड़क हादसों में 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रामपुर और रिकांगपिओ अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि, हादसे में घायल बस के परिचालक की हालत नाजुक बनी हुई है। इसके चलते उसे आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया गया है। इधर, किन्नौर में घायल लोगों को प्रशासन की ओर से पांच से 15 हजार रुपये फौरी राहत के रूप में जारी किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामपुर के ननखड़ी के साथ लगते खनोग में एक मारुति कार संख्या एचपी-42-0225 हादसे की शिकार हो गई। इसमें सवार रोशन लाल पुत्र केशव राम निवासी सदयाणी जिला मंडी और बीरबल घायल हो गए। घायलों को रामपुर के खनेरी अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि, दूसरे हादसे में आसरंग से रिकांगपिओ की ओर आ रही एचआरटीसी की बस एचपी-25-0369 रावमापा रारंग के पास खाई में गिर गई। इसमें परिचालक संजीत कुमार निवासी बैजनाथ की हालत नाजुक बनी हुई है। इसे आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर किया गया है। इसके अलावा चालक ध्यान सिंह निवासी नालागढ़, दिवान सिंह, गीता मनी, आदित्य निवासी रारंग, जोगिंद्र और रतन सिंह निवासी रामपुर, सुरेंद्र शर्मा और किशोरी लाल निवासी करसोग, हरदेव शर्मा और नीलम दास निवासी रामपुर, खेम सिंह निवासी करसोग और पूर्ण सिंह निवासी आकपा गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को रिकांगपिओ अस्पताल में भर्ती किया गया है। उपायुक्त किन्नौर कै. जेएम पठानिया ने बताया कि सभी घायल रिकांगपिओ अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। उन्होंने बताया कि रिकांगपिओ में भर्ती सभी घायलों को पांच-पांच हजार रुपये फौरी राहत के रूप में दिए गए हैं। जबकि, शिमला रेफर किए गए घायल को 15 हजार रुपये फौरी राहत जारी की गई है।

Related posts