कुमारसैन (शिमला)। राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर श्रंबल कैंप के पास दो वाहनों की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कुमारसैन अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक स्कॉरपिओ संख्या एचपी-01 ए 0806 शिमला से रामपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान रामपुर से शिमला की ओर जा रही ऑल्टो कार संख्या एचपी 06 ए 3728 की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। इस टक्कर में कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल घटना स्थल पर पहुंचा और घटना का जायजा लिया। हादसे की पुष्टि करते हुए कुमारसैन थाना प्रभारी राजेश कुमार बताया कि ऑल्टो कार में सवार मुकेश निवासी मझोली रामपुर और उनके पिता रोशन लाल तथा बहन मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को कुमारसैन अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है।