दो पदाधिकारियों को निष्कासित करने की सिफारिश

मंडी। विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी कार्य करने वाले कांग्रेस पदाधिकारियों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। सदर कांग्रेस कमेटी ने दो पदाधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए छह साल के लिए उन्हें पार्टी से निष्कासित करने की सिफारिश की है।
गांधी भवन में आयोजित सदर कांग्रेस कमेटी की बैठक अध्यक्ष नारायण सिंह गुलेरिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विधानसभा चुनाव के बारे में चर्चा की गई। जिन लोगों ने चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी काम किया है, उन्हें पार्टी से बाहर करने पर विचार किया गया।
बैठक में सदर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नारायण सिंह गुलेरिया व स्थायी सचिव लाभ सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ पदाधिकारियों ने कौल सिंह ठाकुर और अनिल शर्मा के खिलाफ दुष्प्रचार किया है। पार्टी विरोधी काम भी किया है। बैठक में सर्वसम्मति से चुनाव में पार्टी विरोधी काम करने पर कांग्रेस पंचायती राज संगठन के पदाधिकारी देवेंद्र शर्मा और नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष तोष कुमार को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने की सिफारिश की गई है।
सदर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नारायण सिंह गुलेरिया और सचिव लाभ सिंह ने कहा कि चुनाव में जिन लोगों ने पार्टी विरोधी कार्य किया है, उनके सदर व जिला कांग्रेस कमेटी के पास प्रमाण हैं। हाईकमान के आदेशों का पालन करते हुए देवेंद्र शर्मा और तोष कुमार को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने जिला व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अलावा पार्टी के अग्रणी संगठनों से आग्रह किया कि सदर कांग्रेस कमेटी को विश्वास में लेकर छह साल तक इन लोगों को किसी भी कमेटी में न लिया जाए।

Related posts