
सांगला (किन्नौर)। तीस घंटों से नाथपा के एरिया थ्री के पास बंद एनएच यातायात के लिए बहाल हो गया है। इससे सड़क की दोनों ओर फंसे करीब दो सौ वाहन चालकों और सैलानियों ने राहत की सांस ली है। बुधवार को एरिया थ्री के पास भूस्खलन के चलते एनएच बंद हो गया था। मार्ग बंद होने से रिकांगपिओ सहित टापरी, चौलिंग, करच्छम, पौवारी, रल्ली, खवांगी, कल्पा, कोठी, तैलंगी, ब्रैलंगी, कश्मीर, सांगला वैली और पूह खंड की ओर से भावानगर, निगुलसरी, चौरा, बधाल, ज्यूरी, झाकड़ी, रामपुर और शिमला की तरफ तीस घंटे तक यातायात पूरी तरह बंद रहा। इसके चलते सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े करीब दो सौ वाहन फंस गए थे। इनमें दूसरे राज्यों से आए सैलानियों के वाहन भी शामिल थे। मार्ग बहाल होने की पुष्टि करते हुए कनिष्ठ अभियंता मोहन मेहता ने बताया कि सड़क यातायात के लिए बहाल कर दी गई है। मार्ग करीब तीस घंटे से अधिक समय तक बंद रहा। उन्होंने कहा कि मार्ग को बहाल करने के लिए तीन मशीनों और करीब बीस मजदूरों को काम पर लगाया गया था। इधर, एचआरटीसी रिकांगपिओ के अड्डा प्रभारी वीर चंद राय ने कहा कि मार्ग बहाल होने के बाद रिकांगपिओं से शिमला, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित अन्य स्थानों के लिए बसों को भेजा गया है।