तीन माह में विकास ने पकड़ी गति : ब्राक्टा

रोहड़ू। विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तीन महीने में विकास ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। पहली बार चुनाव जीतने के बाद विधानसभा में पहुंचने पर नया अनुभव तथा नया सीखने को मिला है। विधायक ने रोहड़ू में प्रेसवार्ता के दौरान यह जानकारी दी है।
मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि हर विभागों में खाली पदों को भरने का प्रयास चल रहा है। पूरे प्रदेश के अंदर सभी विभागों में हजारों पद खाली चल रहे हैं, जिसमें रोहड़ू भी शामिल है। पांच साल के कार्यकाल में भाजपा ने नई नियुक्तियां नहीं की हैं। रोहड़ू विधानसभा में बिजली-पानी की समस्या से लोग परेशान हैं। भाजपा सरकार के कार्यकाल में पांच साल के दौरान बिजली-पानी की योजनाओं की मरम्मत तक नहीं की गई है। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद तीन महीने में ही लोगों ने समस्याओं से राहत महसूस की है। जुब्बल कोटखाई से रोहडृू में शामिल हुई चार पंचायतों में विकास अभी तक ठप है। अब विकास को गति देने का प्रयास जारी है। विधायक ने कहा कि सर्दियों में हिमपात से रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में बागवानी को 38 करोड़ 19 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस मामले को विधानसभा में भी उठाया गया है। सरकार बागवानों को सस्ती दवाइयां तथा अन्य सुविधाएं राहत के तौर पर देने के लिए विचार कर रही है। डोडरा क्वार सड़क की मरम्मत को बीस लाख रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। इस दौरान कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ईश्वर दास छवारू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगत सिंह ठाकुर, महासचिव दिनेश चौहान, सचिव भाग मल, करछारी पंचायत के प्रधान पदम सामटा, रवि रावत, अनु चौहान, बलराज टैचू सहित कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related posts