
बद्दी (सोलन)। पेंशनर एसोसिएशन की बरोटीवाला इकाई के नव निर्वाचित अध्यक्ष राजकुमार नेगी ने कहा कि सोलन में सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर बनाए गए झूठे केस अगर वापस नहीं लिए गए तो पेंशनरों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के समय में सोलन के पेंशनर ने अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन दिया लेकिन इसी बीच किसी अन्य संगठन ने भी सोलन के डीसी चौक पर धरना दिया। जिसके चलते पेंशनर एसोसिएशन की सोलन इकाई के प्रधान, महासचिव और वरिष्ठ उपप्रधान के लिए मामले दर्ज कर दिए हैं। हैरानी इस बात की है थी कि इस मौके पर महासचिव नहीं थे। उन पर भी केस बनाया गया है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष इस संबंध में 3 जनवरी को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी मिल चुके हैं और मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद भी अभी केस वापस नहीं हुए हैं जिसके चलते पेंशनरों में रोष व्याप्त है। उन्होंने चेताया कि अगर शीघ्र ही झूठे मामले वापस नहीं हुए तो प्रदेश इकाई के आह्वान पर प्रदेश भर में आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से पंजाब की तर्ज पर वित्तीय लाभ देने की मांग की है।
इससे पूर्व संघ के चुनाव हुए जिसमें राजकुमार नेगी को सर्वसहमति से अध्यक्ष चुना गया। सेवानिवृत्त सूबेदार गुरदयाल सिंह की देखरेख में कराए गए चुनाव में पूर्व अध्यक्ष उदय राम चौधरी ने राजकुमार नेगी का नाम प्रस्तावित किया जबकि रामनाथ ने उसका समर्थन किया। इसके अतिरिक्त पंतराम ठाकुर को उपाध्यक्ष, राम दास को महासचिव, उदय राम चौधरी को संगठन सचिव, रणजीत सिंह मेहता को संयुक्त सचिव, सोहन सिंह को वित्त सचिव, राम प्रकाश ठाकुर को लेखाकार और गुरदयाल सिंह को मुख्य सलाहकार चुना गया।
इसके अलावा राम प्रताप, रूप सिंह ठाकुर, कर्मचंद, ओमप्रकाश शर्मा, विजय राम, बारू राम को सदस्य तथा लाल चंद को संरक्षक चुना गया। तीन वर्ष के लिए चुनी गई यह कार्यकारिणी सर्वसहमति से बनी। इस मौके पर उदय राम चौधरी, पंत राम ठाकुर, रणजीत सिंह मेहता, राम प्रकाश ठाकुर, राम प्रताप, रूप सिंह ठाकुर, कर्मचंद, ओमप्रकाश, रामप्रकाश ठाकुर, त्रिलोकी नाथ गुप्ता, रामदास समेत दर्जनों लोगों ने भाग लिया।