हमीरपुर। जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (जोगटा गुट) ने जिला प्रधान की कमान जितेंद्र राणा को सौंपी है। जिला इकाई का चुनाव हमीरपुर में एसएस जोगटा, एनजीओ प्रदेशाध्यक्ष खेम सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इसमें जितेंद्र राणा को सर्वसम्मति से जिला प्रधान चुना गया। वरिष्ठ उपप्रधान संजीव पठानिया, महासचिव दिनेश बनियाल, संयुक्त सचिव राजेश कुमार, संगठन सचिव जीवन गौतम को चुना गया। इसके अलावा उपप्रधान पद पर विजय कुमार लखनपाल, कुलतार परमार, दिनेश कुमार, कर्णराज और राकेश को चुना गया। शेष कार्यकारिणी की नियुक्ति की शक्तियां प्रधान और महासचिव को सौंपी गई हैं। नवगठित कार्यकारिणी को अश्वनी चंबियाल की ओर से शपथ दिलाई गई।
इस मौके पर खेम सिंह ने स्वयंभू नेताओं को चेताया कि कि मात्र मुठ्ठी भर लोगों से चुनाव नहीं करवाए जाते हैं। चुनाव करवाने के लिए कर्मचारी एकता जरूरी होती है, जो उनके पास है। उन्होंने स्वयंभू नेताओं से कहा कि अगर हिम्मत है तो चुनाव मैदान में आएं। कर्मचारी जिसे समर्थन देंगे, उन्हें स्वीकार होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में 25 जून तक जिला स्तरीय कार्यकारिणियों के चुनाव करवा लिए जाएंगे। हमीरपुर में हुए चुनावों को प्रदेश के लिए एक मिसाल करार दिया। उन्होंने सर्वसम्मति एवं शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न करवाने को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कुछेक स्वयंभू नेता समानांतर गुट होने का दावा कर रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के समान कोई समानांतर गुट नहीं है। कर्मचारियों के हितों से खिलवाड़ को महासंघ सहन नहीं करेगा। चुनाव प्रक्रिया में राजकुमार शर्मा, अश्वनी चंबियाल, अजय शर्मा, प्रताप सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।