
अंब (ऊना)। अंब उपमंडल के तहत भैरा, शिवनगर और धंदड़ी में पानी को लेकर हाहाकार मचती जा रही है। पीने को पर्याप्त पानी न मिलने से लोगों के तेवर तल्ख होते जा रहे हैं। उन्होंने मामले को जिला प्रशासन के समक्ष उठाने की बात कही है। ग्राम पंचायत भैरा में लोगों को रोज पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत प्रधान अंजना कुमारी, प्रकाश सैणी, सुरेंद्र सैणी, हरभजन, राजेश चंद्र, राजा राम, सर्वजीत सैणी ने बताया कि उनके घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। रोज उन्हें दूरदराज से पानी लाना पड़ता है। हालांकि, विभाग की ओर से नल भी लगवाए गए हैं, लेकिन नलकों में पानी नहीं आ रहा है। इस संदर्भ में संबंधित विभाग को कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
दूसरी तरफ लोअर धंदड़ी एवं शिवनगर में भी पानी की सप्लाई न होने से करीब 1500 की आबादी परेशानियों का सामना कर रही है। बिना पानी के जीवन चलाना उनके लिए मुश्किल हो गया है। ग्राम पंचायत प्रधान विजय कुमार ने बताया कि करीब 6 साल पहले यहां सप्लाई स्कीम लगाई गई थी। 6 साल बाद भी पाइप लाइन की व्यवस्था न होने के कारण इन घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा। जिस कारण 1500 की आबादी मुश्किलों में जी रही है। उन्हाेंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि क्षेत्रवासियों को जल समस्या से निजात दिलाई जाए। उधर, विभाग के सहायक अभियंता केएस पठानिया का कहना है कि मामला ध्यान में लाया गया है। जल्द ही लोगों की जल समस्याओं को दूर किया जाएगा।