जयसिंहपुर (कांगड़ा)। जयसिंहपुर में रविवार को हुई चोरी के मामले में लंबागांव पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस ने इस आरोपी को घर के मालिक के शक के आधार पर पकड़ा है। पुुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार को जयसिंहपुर निवासी बाबूराम के घर पर चोरी हुई थी। चोर उनके घर से गहने ले गए थे। चोरों ने चोरी की वारदात को रविवार को जब अंजाम दिया, तब बाबूराम अपने परिवार समेत लंबागांव में रिश्तेदार के घर गए थे। लेकिन चोर पीछे से उनके घर के ताले तोड़कर करीब 80 हजार के गहने ले गए थे। जब वह वापस अपने घर आए तो उन्होंने देखा कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। जबकि अंदर रखे हुए गहने गायब थे। इस पर उन्होंने लंबागांव पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी। अपनी शिकायत में उन्होंने लंबागांव के एक युवक संजय कुमार पर शक भी जाहिर किया। इसके चलते पुलिस ने सोमवार को आरोपी संजय से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। पुलिस ने उसकी शिनाख्त पर लंबागांव खड्ड में रखे गहने भी बरामद कर लिए हैं।
उधर, लंबागांव थाना प्रभारी सुनील ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी संजय को सोमवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे 12 जून तक पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।