चार साल से बुत बना टावर

सतौन (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र के कफोटा में लगा बीएसएनएल का टावर पिछले चार सालों से बुत बन खड़ा है। विभाग इसे अभी तक चालू नहीं कर पाया है। उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह टावर कफोटा क्षेत्र के खजूरी में लगा हुआ है। इस टावर से मस्त भोज, जेल भोज तथा अन्य क्षेत्र की दर्जनों पंचायत को फायदा होना था। क्षेत्र के सभी सरकारी कर्मचारी तथा अन्य कर्मचारियों के पास बीएसएनएल का कनेक्शन है। टावर को न चलाने से उन्हें दूर संचार सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। रामभज शर्मा, संत राम, बलबीर पुंडीर, अतर सिंह पुंडीर, रामानंद चौहान, सुमेर चौहान ने बताया कि यह टावर पिछले चार साल से बनकर तैयार हो चुका है। बिजली का कार्य भी पूरा हो चुका है। विभाग इसको नहीं चला रहा। यहां अन्य निजी कंपनियों के टावर लगे हैं। जो सेवा भी दे रहे हैं। कई बार विभाग के पास जाकर इसकी शिकायत कर चुके हैं। कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। उधर, इस संबंध में सहायक अभियंता बीएसएनएल पांवटा यशपाल ने बताया कि टावर के सेटअप का कार्य विभाग के अन्य कर्मचारी करते हैं। जब टावर चल जाता है तभी हमारे हैंडओवर किया जाता है। कोशिश की जा रही है कि टावर जल्द से जल्द चालू किया जा सके।

Related posts