
भवारना (कांगड़ा)। पुलिस थाना भवारना के अंतर्गत गांव चंबी के एक युवक ने शुक्रवार को किसी जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में युवक को पहले नगरोटा बगवां अस्पताल और फिर टांडा मेडिकल कालेज ले जाया गया। लेकिन अस्पताल में युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
रझूं के साथ लगते गांव चंबी के रहने वाले 27 वर्षीय शशि कुमार पुत्र कालीदास ने शुक्रवार को घर में गलती से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। शशि कुमार बेरोजगार था और उसके पिता आर्मी से सूबेदार पद से रिटायर हुए हैं। शशि कुमार की शादीशुदा चार बहनें हैं। उसकी माता का निधन वर्ष 1992 में हो गया था। पुलिस के अनुसार वह उस समय से ही सदमे में रहता था। शुक्रवार को उसके पिता गांव में ही कहीं गए हुए थे। अकेलेपन में उसने गलती से किसी जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे पहले नगरोटा और फिर टांडा मेडिकल कालेज ले जाया गया। टांडा में डाक्टरों ने शशि कुमार को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन रात को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। एएसआई भूपिंद्र सिंह मामले को देख रहे हैं। एसएचओ ब्रह्मदास ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।