सुजानपुर (हमीरपुर)। पुलिस थाना सुजानपुर की बनाल पंचायत में ग्रामीणों ने चोरों को सेंधमारी करते रंगे हाथ काबू किया है। हालांकि चोरों ने भागने की पूरी कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने घेराबंदी कर चोरों को करीब सात किलोमीटर की दूरी पर धर दबोचा। ग्रामीणों ने पहले तो चोरों की खूब धुनाई की। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बुधवार रात करीब डेढ़ बजे पांच चोरों ने पनाऊ गांव के मनोज कुमार के घर सेंधमारी की। पांचों चोर कार में सवार होकर आए थे। चोरों ने घर से जेवर और दूसरा कीमती सामान चुरा लिया। वारदात के समय घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। मनोज कुमार की बूढ़ी मां दूसरे बेटे के घर में सोई थी। इसके बाद चोरों ने केहर सिंह और पुरुषोत्तम चंद के घर में सेंधमारी का प्लान बनाया। उन्होंने केहर सिंह के दरवाजे पर ताला जड़ दिया और दूसरी तरफ से घर में सेंधमारी कर दी। इसी बीच घर के सदस्यों को चोरों के घुसे होने का संदेह हुआ, वहीं चोरों को भी इसकी भनक लग गई और वे शोर मचाते हुए एक दूसरे को इशारा कर भाग निकले। ग्रामीण शोर सुनकर एकत्रित हो गए और चोरों का पीछा किया। एक चोर तो कार से भाग निकलने में कामयाब हो गया, अन्य चारों वैसे ही भाग निकले। ग्रामीणों ने समझदारी से दूसरे गांवों के लोगों से संपर्क साधा और सूचना लोगों को दी। लोगों ने घेराबंदी कर चारों चोरों को सात किमी दूर स्थित करोट पंचायत के खिड़की गांव में धर दबोचा और खूब पिटाई की। बाद में आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। उधर, एसपी जगत राम का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।