
हमीरपुर। जमीनी विवाद के चलते गोली से फायर करने के आरोपी को न्यायालय ने 14 दिन के ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया है। इस दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ करेगी। इससे पहले आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर रह चुका है। सदर थाना के अंतर्गत आते बाड़ी फरनोल गांव में सुभाष चंद ने जमीनी विवाद के चलते अपने पड़ोसी सुरेश चंद पर गोली चला दी थी। गोली चलाते समय सुभाष चंद नशे में धुत था। ऐसे में सुरेश चंद गोली की चपेट में आने से बाल बाल बच गया और गोली उसके घर की दीवार में जा घुसी। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही आरोपी को रिवाल्वर सहित गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया था। तीन दिन के बाद बुधवार को दोबारा आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां उसे 14 दिन के ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।