
शाहतलाई (बिलासपुर)। गोबिंद सागर में गत रविवार को नजर आए दोनों शव सोमवार को बरामद कर लिए गए। इसके लिए पुलिस को खासा पसीना बहाना पड़ा। संभावना के अनुरूप एक शव की पहचान उत्तराखंड की पर्यटक महिला के रूप में हुई। अलबत्ता पुरुष के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
गौरतलब है कि तलाई थाना अंतर्गत धनीपखर पंचायत के ससोटा घाट के समीप गत रविवार शाम गोबिंद सागर में दो शव बहते नजर आए थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने तक तेज हवा के चलते दोनों शव बहकर ससोटा घाट से आगे चले गए थे। रात को अंधेरे की वजह से पुलिस उन्हें तलाश नहीं कर पाई। सोमवार सुबह दोबारा सर्च आपरेशन शुरू किया गया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे महिला का शव नजर आया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। अलबत्ता, पुरुष का शव दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे बरामद हो सका।
संभावना के अनुरूप मृतक महिला की पहचान उत्तराखंड के सुभाषनगर लालकुआं निवासी नीलम बिष्ट के रूप में हुई। करीब दो सप्ताह पूर्व सलापड़ के पास एक टैक्सी सतलुज में समा गई थी, जिसमें चालक के साथ ही उत्तराखंड के महेंद्र बिष्ट व उनकी पत्नी नीलम बिष्ट सवार थे। महेंद्र बिष्ट का शव गत सात जून को लुहणू के पास गोविंद सागर से बरामद हुआ था। सोमवार को नीलम के शव की शिनाख्त उसके भाई हिम्मत सिंह ने उसके चेहरे, गले में बंधी डोरी व कपड़ों से की। दूसरा शव टैक्सी चालक प्रदीप का होने की संभावना थी, लेकिन उसके भाई महेंद्र सिंह ने उक्त शव प्रदीप का होने से इंकार किया। घुमारवीं के डीएसपी अंजनी जसवाल ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।