गुरु की नगरी की इस कद्र उपेक्षा क्यों

पांवटा साहिब (सिरमौर)। उत्तर भारत की प्रसिद्ध हेमकुंड साहिब यात्रा में पहुंचने वाले यात्रियों को पांवटा क्षेत्र में भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। बढ़ती परेशानियों से कई यात्री पांवटा साहिब में प्रवेश न कर बाहर से ही हेमकुंड साहिब की ओर निकल जाते हैं। इससे भविष्य में यात्रियों की संख्या पर असर पड़ सकता है। इससे गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के साथ बुद्धिजीवियों में चिंता बढ़ने लगी है।
शहर में पार्किंग की दिक्कत सबसे ज्यादा है। विश्रामगृह से पटवार सर्किल कार्यालय तक सड़क के किनारे वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े रहते हैं। एनएच-72 मुख्य मार्ग से विश्राम गृह होकर नप मैदान की तरफ सड़क की हालत खराब है। सबसे बुरे हाल एनएच से विश्राम गृह की तरफ जाने वाले संपर्क मार्ग की है। छोटे वाहन और रागहीरों का इस मार्ग से गुजरना दुश्वार होता जा रहा है। प्री मानसून से गुरु की नगरी में गंदगी भी बढ़ गई है। अंडर ग्राउंड पाइप लाइन बिछाने का कार्य जारी है। विश्वकर्मा चौक से निर्मल डायरी की तरफ पाइप बिछाई जा रही है। इससे सड़क पर मिट्टी के ढेर लगे हैं। बारिश के बाद सड़कों पर मिट्टी और कीचड़ बिखरा पड़ा है।
पांवटा निवासी राजेंद्र राणा, सुरेश चौहान, हरविंद्र सिंह, बीएस चौधरी, मनजीत सिंह, सागर सिंह, प्रताप चौहान और शाहबाज ने कहा कि यात्री देशभर से यहां पहुंच रहे हैं। शहर में इस तरह की दिक्कतों से बाहर गलत संदेश जाता है। यात्रा शुरू होने से पहले बेहतर पार्किंग और संपर्क सड़कों की दशा सुधारनी चाहिए।
नप कमेटी के अध्यक्ष संजय सिंघल ने कहा कि दिक्कतों को दूर करने के प्रयास हो रहे हैं। शहर में जलभराव की दिक्कतें दूर करने के लिए नालियां बिछाई जा रही हैं। प्री मानसून से थोड़ी दिक्कत हो गई है लेकिन सुविधाएं प्रदान करने और समस्याओं को दूर करने के प्रयास जारी हैं।

——–

सुविधाएं प्रदान करने को कृतसंकल्प : सिंह
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह और प्रबंधक कुलवंत सिंह चौधरी ने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा शुरू हो चुकी है। रोज हजारों यात्री पांवटा पहुंच रहे हैं। प्रबंधन समिति यात्रियों की सुविधा को हर संभव प्रयास कर रही है। गुरुद्वारा में पहुंचने वाले यात्रियों के लिए परिसर में रिहायश, लंगर और प्राथमिक उपचार समेत सभी सुविधाएं दी जा रही हैं। शहर में पार्किंग, बेतरतीब ढंग से सड़कों पर वाहन खड़े रहने और संपर्क सड़क बदहाल होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है।

शहर में बढ़ रही चहल-पहल
पांवटा साहिब (सिरमौर)। धार्मिक यात्राएं शुरू होने से शहर में भी चहल पहल बढ़ने लगी है। दस दिन से शहर में धार्मिक यात्री पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की धमक से मुख्य बाजार में खासी रौनक है। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिले तो शहर में धार्मिक यात्रियों को ज्यादा समय के लिए रोका जा सकता है।

यमुना घाट पर दिक्कतें ही दिक्कतें
पांवटा साहिब (सिरौर)। गुरु की नगरी में रोज हजारों भक्त पहुंचते हैं। श्री गुरु गोविंद सिंह जी गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद यात्री पवित्र स्नान को यमुना नदी में पहुंचते हैं। विशेष कर महिलाओं को स्नान के बाद ड्रेसिंग रूम (स्नानघर कक्ष) तक नहीं बने हैं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है। पिछले कई वर्षों से इस बारे आवाज तो उठाई जाती रही हैं लेकिन स्थानीय प्रशासन, किसी भी धार्मिक संस्था और राजनेताओं ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

समस्याओं का जल्द होगा समाधान
पांवटा विस क्षेत्र के विधायक किरनेश जंग ने कहा कि यमुनाघाट पर दिक्कतों को दूर किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन और नप कमेटी के साथ मिलकर धार्मिक आस्था स्थल यमुनाघाट पर यात्रियों की दिक्कतें जल्द दूर होंगी।

Related posts