गर्मी का मौसम शुरू होते ही पानी को हाहाकार

बरठीं (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत करलोटी के गांव माकड़ा तथा रोपड़ी के बाशिंदों के नल शोपीस बनकर गए हैं। पेयजल की आपूर्ति नहीं होने के कारण इन गांव के लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस ओर संबधित विभाग द्वारा कोई भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीण विक्रम सिंह, कमल किशोर, राजेश कुमार, तुलसी राम, सुंदर राम, सुंदर सिंह, प्यार सिंह, बलवंत सिंह, अंजना देवी, प्रभा राम सहित अन्य ने कहा कि जब से खलसाई मुछवाण स्कीम चल रही है। तभी से संबंधित गांव के लोगों को पानी नसीब नहीं हुआ है। समस्या के बारे में कई बार विभागीय कर्मचारियों को लिखित तथा मौखिक तौर पर अवगत करवाया गया। विभाग समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा। गांव में करीब 50 परिवार हैं। कुछ एक परिवारों को ही पानी मिल रहा है। करीब 40 परिवार प्राकृतिक जलस्रोतों पर ही निर्भर होते हैं। गर्मियों के मौसम में तो समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। यहां तक कि कई प्राकृतिक जलस्रोत भी सूख जाते हैं। इसके चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाए।
ग्राम पंचायत करलोटी प्रधान विजयालक्ष्मी, उप प्रधान ज्ञान चंद ने कहा कि विभाग को चिहड़ी गालियां से मिनी उठाऊ पेयजल योजना का प्रस्ताव स्वीकृति को भेजा गया है। इसके बाद पंचायत की पेयजल समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी।
सहायक अभियंता आईपीएच देवराज शर्मा ने कहा कि उनके पास इस बारे कोई भी शिकायत नहीं आई है। ऐसी समस्या है तो प्राथमिकता के साथ समस्या समाधान किया जाएगा।

Related posts