कुल्लू से लापता महिला की ऊना में तलाश

अंब (ऊना)। कुल्लू जिले के दुर्गम गांव बड़ोगी से लापता बुजुर्ग महिला को ढूंढने उसके परिजन ऊना तक पहुंच गए हैं। मैड़ी में बाबा बड़भाग सिंह मेले में भी महिला के दोहते देवी सिंह ने अपनी नानी को ढूंढा, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। देवी सिंह ने बताया कि नानी की गुमशुदगी की रपट कुल्लू जिले की जरी पुलिस चौकी में दर्ज कराई है। देवी सिंह के पिता हाथी राम ने यह रपट दर्ज कराई थी। देवी सिंह के अनुसार उनकी मां अपने माता पिता की इकलौती संतान है। इस लिए उनकी नानी भीमी देवी (65) भी उनके साथ ही रहती थी। 10 मार्च की रात भीमी देवी सोने के लिए अपने कमरे में गई और 11 मार्च सुबह क मरे में नहीं थी। परिजनों ने महिला को रिश्तेदारों और अन्य जान पहचान वाले लोगों के यहां ढूंढा, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। देवी सिंह ने बताया उसने अपनी बुजुर्ग नानी को मंडी शिवरात्रि मेले और बिलासपुर जिले में लगे मेले में भी ढूंढा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। ऊना के मैड़ी में भी निराशा ही हाथ लगी। उधर, कुल्लू जिले की जरी पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई शेर सिंह ने कहा कि पुलिस महिला की तलाश कर रही है। सभी थाना चौकियों को भी इस संबंध में सूचित किया गया है।

Related posts