
गगल (कांगड़ा)। पुलिस चौकी गगल के तहत गांव कुठमां में एक युवक का शव कमरे की छत से लटका मिला है। पंचायत प्रधान की सूचना पर पुलिस चौकी से आई टीम ने शव को कब्जे में ले लिया और मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पहचान विपिन कुमार (29) निवासी कुठमां के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि उसकी करीब चार वर्ष पूर्व शादी हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी तथा ढाई साल की एक बेटी छोड़ गया। पुलिस के अनुसार मृतक वाहन चालक था। गगल चौकी के प्रभारी रवि शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों की छानबीन की जा रही है।
चाचा-भतीजा पर केस
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। थाना देहरा के तहत लड़ाई-झगड़ा करने के आरोप में चाचा-भतीजा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार रोशन लाल और निशांत एक-दूसरे के साथ झगड़ा कर रहे थे। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया तथा बाद में उन्हें जमानत मिलने के बाद रिहा कर दिया गया। डीएसपी बीडी भाटिया ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।