
नेरचौक (मंडी)। हिमाचल लोकहित पार्टी के सुप्रीमो महेश्वर सिंह ने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में हिलोपा चारों सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। मंगलवार को नेरचौक में प्रेसवार्ता में उन्होंने कांग्रेस तथा भाजपा दोनों ही सरकारों पर जमकर कटाक्ष किया। महेश्वर सिंह ने भाजपा को डाकू तो कांग्रेस को चोर की संज्ञा दे डाली। चोर से तो कभी भी निपटा जा सकता है, लेकिन डाकू को छोड़ना नहीं चाहिए। महेश्वर सिंह ने कहा कि भाजपा अटल और आडवाणी जैसे दिग्गज नेताओं की पार्टी नहीं रही है। बल्कि कुछ चंद लोगों की कठपुतली बन गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा का विरोध करने की अपील की तथा कहा कि किसी को भी वोट दो, मगर भाजपा को न दो। इस अवसर पर हिलोपा बल्ह अध्यक्ष नेत्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बाबू राम मंडयाल, यशोदा नंद बजीर, प्रदेश सचिव सरीता हांडा, मानवेंद्र कपूर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महेश्वर सिंह ने नग्गर (कुल्लू) के समीप हुए जीप हादसे में 11 लोगों की मौत की घटना पर गहरा शोक प्रकट किया।