
ऊना। हिमाचल किसान यूनियन की राज्यस्तरीय बैठक शुक्रवार को सब्जी मंडी स्थित किसान भवन में आयोजित की गई। इसमें विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों ने समस्याओं पर चिंतन किया। अध्यक्षता यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष सुंका राम ठाकुर ने की। यूनियन ने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री से मांग की है कि जल्द प्रदेश में किसान सैल का गठन किया जाए। ऊना जिला में डीएपी खाद उपलब्ध करवाई जाए। जिला के हजारों किसानों को डीएपी खाद लेने के लिए पंजाब पर निर्भर होना पड़ता है। कृषि औजार, बीज, पशुचारा, कीटनाशक आदि समय पर उपलब्ध करवाए जाएं। जागरूकता शिविर लगाए जाएं। उनके लिए भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इस मौके पर अपर कोटला कलां के अवतार सिंह ठाकुर को यूनियन का कार्यकारी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्हें जिला कार्यकारिणी के गठन की भी शक्तियां प्रदान की गई हैं। इस मौके पर यूनियन के प्रदेश महासचिव सीता राम वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बीरबल शर्मा, कोषाध्यक्ष रोशन लाल नेगी, उपाध्यक्ष बीडी लखनपाल, प्रवीण कुमार, खूब राम, परमा राम चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे।