किन्नौर घाटी में गिरे बर्फ के फाहे

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय क्षेत्र किन्नौर में लोगों ने अभी राहत की सांस ली भी नहीं थी, कि एक बार फिर इंद्रदेव कहर बरपाने के लिए तैयार दिख रहे हैं। शुक्रवार दोपहर से किन्नौर घाटी में फिर से बर्फबारी शुरू हो गई है। पांच बजे तक कल्पा में करीब आठ सेंमी बर्फबारी दर्ज की जा चुकी है।
बर्फबारी के चलते करीब 28 दिन बाद वीरवार को किन्नौर के 70 फीसदी क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बहाल हो पाई थी। जबकि, जिले में लोगों को पानी की आपूर्ति अभी भी नियमित रूप से नहीं हो पा रही है। इसके अलावा जिले के करीब 48 ग्रामीण रूट अभी भी बंद पड़े हैं। लेकिन, शुक्रवार को हुई ताजा बर्फबारी ने एक बार फिर लोगाें के सामने खासी परेशानियां खड़ी कर दी हैं। किन्नौर के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले अधिकांश संपर्क मार्ग बंद हैं। लोनिवि इन सड़कों को बहाल करने में जुटा है। लेकिन शुक्रवार को बर्फबारी ने एक बार फिर इन सड़काें को बहाल करने के काम को रोक दिया है। इधर, सड़क बंद होने के चलते करीब एक माह से किन्नौर डिपो के करीब तीस रूटों पर बस सेवा भी पूर्ण रूप से बंद है। समाचार लिखे जाने तक किन्नौर जिला के कल्पा, रिकांगपिओ, असरंग, छितकुल, रोपा वैली आदि क्षेत्रों में बर्फबारी जारी थी।

Related posts