कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बारी आज

कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बारी आज

नई दिल्ली: केन्द्रीय मंत्रिमंडल में आज होने वाले फेरबदल से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा और 2014 के लोकसभा चुनावों के मद्देनजर रविवार को पार्टी संगठन में फेरबदल करते हुए 12 महासचिव और 42 सचिव नियुक्त किए और पार्टी कार्यसमिति का पुनर्गठन किया।

मनमोहन सिंह मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाले दोनों मंत्रियों अजय माकन व सी.पी. जोशी को संगठन में महासचिव बनाया गया है। उनके अलावा अम्बिका सोनी, मोहन प्रकाश, गुरदास कामत तथा शकील अहमद को महासचिव नियुक्त किया गया है जबकि जनार्दन द्विवेदी, दिग्विजय सिंह, बी.के. हरिप्रसाद, मुकुल वासनिक, मधुसूदन मिस्त्री तथा लाइजिन्हो फ्लेरो महासचिव बने रहेंगे। गुलाम नबी आजाद, आस्कर फर्नांडीज, विलास मुत्तुमवार तथा वरिंद्र सिंह को महासचिव पद से हटा दिया गया है।

मोती लाल वोरा कैशियर बने रहेंगे और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति कार्यालय का प्रशासनिक कार्य भी देखेंगे। अहमद पटेल पार्टी अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव बने रहेंगे। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख जनार्दन द्विवेदी के स्थान पर अजय माकन होंगे जिसे संवाद विभाग का नया नाम दिया गया है। वह प्रचार और प्रकाशन के भी प्रभारी होंगे। पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने बताया कि महासचिवों को अब इस तरह राज्यों का प्रभार सौंपा गया है कि एक के पास एक ही राज्य के क्षेत्र हों। उन्होंने बताया कि पार्टी में बनाए 42 सचिवों में से अधिकतर को पार्टी में महासचिवों के साथ राज्यों के प्रभार में जोड़ा गया है। कांगे्रस ने 21 सदस्यीय कार्यसमिति बनाई है जिसमें सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी को भी रखा गया है। कार्यसमिति से 7 नेताओं की छुट्टी की गई है।

21 सदस्यीय कार्यसमिति में अम्बिका सोनी, बी.के. हरिप्रसाद, सी.पी. जोशी, दिग्विजय सिंह, गुलाम नबी आजाद, गुरदास कामत, हेमा सेतिया, जनार्दन द्विवेदी, मोहन प्रकाश, मोती लाल वोरा, मुकुल वासनिक, शकील अहमद व कुमारी सुशीला, ए.के. एंटनी, अहमद पटेल शामिल है। स्थायी आमंत्रित सदस्यों में अमरेन्द्र सिंह, बेनी प्रसाद शर्मा, के.एस. राव, डा. करण सिंह, एम.एल. फोतेदार, एम.बी. राजशेखरन, मोहसिना किदवई, मुरली देवड़ा, आस्कर फर्नांडीज, पी. चिदम्बरम, आर.के. धवन, एस.एम. कृष्णा, शिवाजी राव देशमुख शामिल हैं, विशेष आमंत्रित सदस्यों में अनिल शास्त्री, संजीव रैड्डी, राज बब्बर, रशीद मसूद हैं।

5 राज्यों के लिए छानबीन समितियां
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस वर्ष 5 राज्यों (छत्तीसगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान और मिजोरम) में होने वाले विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के लिए छानबीन समितियों का गठन कर दिया है। द्विवेदी ने बताया कि दिल्ली के लिए बनाई गई समिति के अध्यक्ष वी. नारायणसामी होंगे।

प्रदेश प्रभारी शकील अहमद, भुवनेश्वर कालिता, मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और प्रदेश अध्यक्ष जय प्रकाश अग्रवाल समिति के सदस्य होंगे। मध्य प्रदेश की छानबीन समिति का अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री को बनाया गया है। प्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश, जितेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया और विधायक दल के नेता इसके सदस्य होंगे।

राजस्थान की छानबीन समिति का अध्यक्ष अजय माकन को बनाया गया है। प्रदेश प्रभारी गुरदास कामत, आर.सी. कुटिया, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रभान तथा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इसके सदस्य होंगे। छत्तीसगढ़ छानबीन समिति के अध्यक्ष सी.पी. जोशी होंगे जबकि प्रदेश प्रभारी वी.के. हरिप्रसाद, माणिक टैगोर, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश विधायक दल के नेता इसके सदस्य होंगे।

मिजोरम की समिति के अध्यक्ष मोहन प्रकाश है और प्रदेश प्रभारी लुइजिन फ्लेरो, अशोक तंवर, प्रदेश अध्यक्ष तथा विधायक दल के नेता इसके सदस्य होंगे।

संतोष चौधरी बनेंगी केंद्रीय राज्यमंत्री
जालंधर (धवन): केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में होशियारपुर की कांग्रेस सांसद संतोष चौधरी को केंद्रीय राज्यमंत्री बनाया जाएगा। दिल्ली से मिली सूचनाओं में कहा गया है कि राष्ट्रपति भवन ने आज रात प्रधानमंत्री के श्रीमती चौधरी को राज्यमंत्री बनाने के फैसले की सूचना दी। सूचना मिलते ही संतोष चौधरी दिल्ली रवाना हो गईं।

अमरेन्द्र कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य बने
जालंधर (धवन): कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह को कांग्रेस कार्यसमिति का स्थायी आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया है। कै. अमरेन्द्र सिंह ने अपनी नियुक्ति के लिए सोनिया व राहुल गांधी का आभार जताते हुए कहा है कि उनकी पहली प्राथमिकता कांग्रेस को पंजाब में और मजबूती देने की रहेगी।

कुलजीत नागरा और अश्विनी सेखड़ी बने सचिव
कांग्रेस आलाकमान ने पार्टी संगठन का पुनर्गठन करते समय आज पहली बार पंजाब से 2 सचिव संगठन में शामिल किए हैं। पंजाब में विधायक कुलजीत सिंह नागरा व अश्विनी सेखड़ी को राष्ट्रीय स्तर पर सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

महासचिवों की जिम्मेदारियां
शकील अहमद-दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़
मोती लाल वोरा – कोषाध्यक्ष व ए.आई.सी.सी. कार्यालय के प्रशासनिक कार्य
अजय मकान- संचार, प्रचार और प्रकाशन
अम्बिका सोनी-उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय।
बी.के. हरिप्रसाद-झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा।
सी.पी. जोशी- असम, बिहार, पश्चिम बंगाल और अंडेमान-निकोबार।
दिग्विजय-आंध्र प्रदेश, गोवा, कर्नाटक।
गुरुदास कामत-गुजरात, राजस्थान, दादर-नगर हवेली, दमन और दीव।
जनार्दन द्विवेदी- ए.आई.सी.सी. विभाग, बैठकें, अधिवेशन कार्यसमिति संगठन, संगठनात्मक चुनाव।
लाइजिन्हो फ्लेरो- अरुणाचल प्रदेश, भोगपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा।
मधुसूदन मिस्त्री-यू.पी. व केन्द्रीय चुनाव समिति।
मोहन प्रकाश – मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र।
मुकुल वासनिक- केरल, पुड्डुचेरी, तमिलनाडु और लक्षद्वीप।

Related posts