
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व नाहन विस क्षेत्र के विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कुर्सी का नशा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के सिर चढ़ कर बोल रहा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को विगत विस चुनाव में जनता पूरी तरह नकार चुकी है। प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू जिला सिरमौर की जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों पर कीचड़ उछाल रहे हैं। जनता इसका जवाब आगामी लोकसभा चुनाव में जरूर देगी।
प्रैस बयान जारी कर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस का इस कदर नैतिक पतन हो गया है। विस चुनाव में जनता द्वारा बुरी तरह नकारे गए नेता को प्रदेशाध्यक्ष बना दिया। प्रदेश अध्यक्ष का जिला सिरमौर दौरा निराशाजनक रहा जिले के विकास से कांग्रेस पार्टी व उसके नेताओं को कोई लेना देना नहीं है। विकास की कोई बात नहीं की गई। केवल कीचड़ उछालने का प्रयास किया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि इतिहास में पहली बार सिरमौर ने भाजपा पार्टी के तीन विधायक जितवा कर भेजे हैं। तीनों ने पिछड़े जिले की आवाज को जिस ढंग से उठाया। शायद वही चीजें कांग्रेस के राज्य व जिला सिरमौर के नेताओं को अखर रहा है। कांग्रेस राज में सरकारी (आईपीएच) भूमि से दिनदिहाड़े अवैध रूप से सफेदे के पेड़ काटे गए। लिखित शिकायत थाने में भेजी गई लेकिन अवैध पेड़ कटान के आरोपी को कौन बचाने का प्रयास कर रहा है। जनता इसका जवाब चाहती है।
कांग्रेस पर प्रहार करते हुए भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शिव सिंह असवाल ने कहा कि सरकार बदलते ही जिले में खनन व वन माफिया सक्रिय हो गया है लेकिन भाजपा जिले में अवैध गौरखधंधों को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। समय आने पर अवैध गौरखधंधों को अपना आशीर्वाद देने वाले नेताओं को भी बेनकाब करेंगे।