कांग्रेस ने प्रचार के लिए किए दिन-रात एक

रामपुर बुशहर। क्षेत्र के विधायक एवं मुख्य संसदीय सचिव (स्वास्थ्य) नंदलाल ने सोमवार को अपनी गृह पंचायत देवठी के परोग सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा कर प्रतिभा सिंह के लिए वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने बरकल, अनुराक्षी, करैरी, कीम, प्रांदली, राहणु सूम, लटैणा, देवठी, कमसारी, पटैणा, कुहल, मझाली, दोफदा और 12/20 के क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया। दो दिन से कांग्रेस के नेता एवं शिमला नगर निगम के पूर्व उप महापौर हरीश जनारथा ने एक दर्जन से अधिक गांवों में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के लिए प्रचार किया। इसके अलावा महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मेजर कृष्णा मोहिनी तथा कांग्रेस महिला राज्य सचिव जैनम चंदेल, जिला अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सत्याभूषण सहित अन्य कांग्रेस नेत्रियों ने सोमवार को विभिन्न स्थानों में प्रतिभा सिंह के पक्ष में वोट मांगे। वहीं, महिला नेत्रियों ने भाजपा की महिला अध्यक्ष रितू सेठी द्वारा वीरभद्र सिंह के प्रति दिए गए बयान की भी निंदा की और कहा कि रितू को कांग्रेस की चिंता छोड़ भाजपा की चिंता करनी चाहिए।

Related posts