
निरमंड (कुल्लू)। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि वीरभद्र केंद्रीय मंत्री रहते हुए प्रदेश के लिए कुछ नहीं कर पाए। वहीं, प्रदेश की कांग्रेस सरकार भी अपने छह माह के कार्यकाल के दौरान कुछ नहीं कर पाई है। कांग्रेस केवल क्षेत्रवाद को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह केंद्रीय मंत्री रहते हुए भी बागवानों के लिए कुछ नहीं कर पाए। जबकि, भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा ने बागवानों के हितों की रक्षा की। अनुराग ठाकुर निरमंड में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबसे अधिक दूध निरमंड और आनी क्षेत्र में होता है। इसको देखते हुए पूर्व सरकार ने दत्तनगर में मिल्क प्लांट लगाया। दूध के दाम आठ से 18 रुपये प्रति किलो किए। लेकिन, कांग्रेस ने सत्ता में आते ही दूध के दाम घटा दिए। उन्होंने केंद्र की यूपीए सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यूपीए ने देश को महंगाई और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया। आलम यह है कि देश की विकास दर भी घट कर 4.8 फीसदी रह गई है। जबकि, महंगाई और भ्रष्टाचार के चलते किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी को आने वाला प्रधानमंत्री बताया। लोगों से अपील की कि जयराम ठाकुर को वोट देकर लोक सभा भेजें। इस मौके पर युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर, चेतन ब्राग्टा, विजय गुप्ता, सुरेश कश्यप, मंडल अध्यक्ष अमर ठाकुर, बीडीसी उपाध्यक्ष योगेश भार्गव, बृजलाल, चमेलू देवी, योगेश वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।