कांग्रेस का दूसरा नाम विकास : रोहित ठाकुर

जुब्बल (शिमला)। मुख्य संसदीय सचिव एवं जुब्बल कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का दूसरा नाम विकास है। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद विकास जनता के सामने नजर आ रहा है। रोहित ठाकुर ने नंदपुर पहुंचकर विधानसभा चुनाव के बाद लोगों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान रोहित ठाकुर ने कहा कि सड़कों की दशा को सुधारने का काम कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद शुरू हो गया है। सरकार की प्राथमिकता है कि सेब सीजन के लिए क्षेत्र की अधिकांश सड़कों की स्थिति को सुधारा जाए। उन्होंने कहा कि शिमला मुख्य सड़क को सुधारने का काम चल रहा है। ग्लोबल टेंडर के माध्यम से ठियोग-हाटकोटी-रोहड़ू मुख्य सड़क को शीघ्र पक्का करने का प्रयास चल रहा है। जुब्बल-कोटखाई तथा नावर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। नंदपुर गांव में युवाओं ने रोहित ठाकुर का जोरदार स्वागत किया। विधायक ने इस दौरान लोगों की समस्याओं को भी सुना। विधायक के साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कृष्ण चंद सारटा, यशोदर तांटा, जोगिंद्र चांजटा, हीर नंद शर्मा, राजेंद्र, काका ठाकुर, विद्या भूषण शर्मा, नारायण ठाकुर, राम प्रकाश शर्मा, संदीप शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

Related posts