
शिमला। कैपेसिटी बिल्डिंग फार इन्वायरमेंटली सेफ सेनिटेशन प्रोजेक्ट मई से लागू हो जाएगा। इसके तहत कसुम्पटी वार्ड में मिनी सीवरेज सिस्टम बनाया जाएगा। यूरोपियन यूनियन प्रोजेक्ट को सफलतापूर्वक चलाने के लिए नगर निगम को सात करोड़ की आर्थिक मदद देगा। बेल्जियम के दौरे से लौटे महापौर संजय चौहान ने यह जानकारी दी है।
यूरोपियन यूनियन ने नगर निगम द्वारा भेजे गए सिटी सेनिटेशन प्लान को मंजूर कर लिया है। प्रोजेक्ट के तहत कसुम्पटी वार्ड को पायलट वार्ड के तहत चुना गया है। कसुम्पटी में मिनी सीवरेज प्लांट बनाया जाएगा। वार्ड में नई तकनीक के शौचालय बनाए जाएंगे। छूटे क्षेत्रों में सीवरेज कनेक्टिविटी की जाएगी। यूरोपियन यूनियन के कैपेसिटी बिल्डिंग फार इन्वायरमेंटली सेफ सेनिटेशन प्रोजेक्ट के तहत सेनिटेशन के संबंधित कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नगर निगम पार्षदों, अधिकारियों को जागरूक किया जाएगा। प्रोजेक्ट के तहत भारत के विभिन्न शहरों का विजिट करने के दस मौके मिलेंगे। इंटरनेशनल विजिट पर दो बार 45 सदस्यीय दल जा सकेगा। दो ट्रेनिंग प्रोजेक्ट सरकार के साथ होंगे और चार स्थानीय निकायों (हमीरपुर, मंडी, नाहन और धर्मशाला) को कैपेसिटी ट्रेनिंग दी जाएगी।