कंपनी के चार टिप्परों के शीशे तोड़े

टिहरा (मंडी)। अवाहदेवी-संधोल वाया गद्दीधार सड़क पर शरारती तत्व बेखौफ हैं। यहां शरारती तत्वों ने बीते रोज सड़क किनारे खड़े चार टिप्परों के सामने वाले शीशे तोड़ डाले। यहां डबल लेन का कार्य चला हुआ है। सभी टिप्पर डबल लेन के कार्य में लगाए गए थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शरारती तत्वों की इस हरकत से कार्य करवा रही कंपनी को करीब 40,000 का नुकसान हुआ है। शरारती तत्वों ने रात के अंधेरे में एक के बाद एक चार टिप्परों के सामने के शीशे तोड़ डाले। जानकारी के अनुसार एसएससी कंपनी ने अवाहदेवी से हियूणगलू तक सीआरएफ के तहत करीब दो वर्ष पूर्व से डबल लेन कार्य को शुरू कर रखा है। कंपनी ने कर्मचारियों तथा वाहनों की व्यवस्था सरौन में कर रखी है। उधर, साइट इंचार्ज रमेश कटोच के अनुसार टिप्पर सड़क के किनारे खड़े कर रखे थे, लेकिन कुछ शरारती तत्वों ने चार वाहनों के शीशे तोड़ दिए। उन्हाेने मामले की शिकायत सरकाघाट पुलिस थाना में दर्ज करवाई। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि शिकायत पर तोड़फोड़ का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शीघ्र ही शरारती तत्वों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related posts