चंपावत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) पंचम वाहिनी मेंजवानों का विशेष प्रशिक्षण फिर से शुरू हो गया है। जवानों को आधुनिक हथियारों के संचालन के साथ साथ अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। जवानों को शारीरिक रूप से फिट रहने, नई तकनीक की जानकारी हासिल करने के लिए तमाम तरह के टिप्स दिए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जवानों की क्षमता के विकास और उनकी कार्यकुशलता को बढ़ाने के लिए यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को आधुनिक हथियारों के संचालन, दौड़, बाधा क्रासिंग, पीटी आदि की जानकारी दी जा रही है। एसएसबी के कार्यवाहक सेनानी एसएस नेगी ने बताया कि एसएसबी के पास सीमा की सुरक्षा के साथ साथ आंतरिक सुरक्षा की भी बड़ी जिम्मेदारी है। यदि जवान कार्यकुशल हो जाएं तो वह सही ढंग से काम कर सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अब अर्धसैनिक बलों के पास भी आधुनिक किस्म के हथियार आ गए हैं। हर जवान को इन हथियारों की जानकारी होनी चाहिए। वाहिनी के उपनिरीक्षक त्रिलोक कुमार मिरे, सिपाही उमेद सिंह कुमपाल, राणाप्रताप सिंह जवानों को तमाम तरह के टिप्स दे रहे हैं। उपसेनानायक यतन नेगी की देखरेख में यह प्रशिक्षण एक सप्ताह तक चलेगा। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद जवानों को नेपाल सीमा पर तैनात कर दिया जाएगा और नए जवानों की ट्रेनिंग शुरू कर दी जाएगी।