एमएनए ने कसे कर्मियों के पेंच

हल्द्वानी। मुख्य नगर अधिकारी आरडी पालीवाल ने गुरुवार को नगर निगम कर्मचारियों को कामकाज का ढर्रा और लोगों से बातचीत करने का तौर तरीका बदलने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी तय समय पर आफिस पहुंचेंगे और पांच बजे से पहले आफिस न छोड़ें। शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करेंगे।
श्री पालीवाल ने मुख्य नगर अधिकारी का अतिरिक्त पदभार संभालने के बाद गुरुवार को निगम कर्मचारियों की पहली बैठक ली। मुख्य नगर अधिकारी ने कहा कि नगर निगम कर्मचारी अनुशासन का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी फील्ड के नाम पर आफिस से गायब रहते हैं। ऐसे कर्मचारी फील्ड ड्यूटी का ब्यौरा देंगे। जनता से जुड़ी फाइलों को किसी कीमत पर नहीं लटकाएंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के औचक उपस्थिति चेक की जाएगी और शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी। बैठक में सहायक नगर अधिकारी नीरज जोशी समेत कई अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे। इससे पूर्व मुख्य नगर अधिकारी ने हड़ताली सफाई कर्मियों से वार्ता कर उनका आंदोलन तुड़वाया। मुख्य नगर अधिकारी ने कहा कि वेतन कर्मचारियों के खातों में ट्रांसफर हो गया है। बाकी लंबित मांगों पर भी मंथन किया जाएगा।

Related posts