एनएच-22 बंद, राजधानी से कटा ऊपरी शिमला

शिमला। बर्फबारी से राष्ट्रीय राजमार्ग-22 बंद हो गया है। कुफरी और नारकंडा में सड़क पर बर्फ जमने से वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। ऊपरी शिमला का संपर्क राजधानी से कट गया है।
कुफरी, फागू, नारकंडा, खड़ापत्थर व खिड़की में बर्फबारी से यातायात अवरुद्ध है। कुफरी व नारकंडा में सुबह करीब 7:30 बजे बर्फबारी शुरू हुई और 10:00 बजे तक 2 से 3 इंच बर्फ जमा हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गाड़ियां स्किड होने के कारण जाम लगा रहा। फागू और गलू के बीच बर्फ पर फिसलन के कारण मंगलवार सुबह 8:30 बजे ट्रक व बोलेरो कैंपर में टक्कर हो गई और जाम लग गया।
———————————
ठियोग-हाटकोटी राज्य मार्ग ठप
शिमला। बर्फबारी से ठियोग-खड़ापत्थर-हाटकोटी राज्य मार्ग बंद हो गया है। खड़ापत्थर में बर्फबारी से सुबह करीब 11:00 बजे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। मंगलवार को रोहड़ू से शिमला भेजी गई झगटान बस परौंठी में फंस गई। रोहड़ू से शिमला वाया विकासनगर भी बसें उत्तराखंड में हड़ताल होने के कारण नहीं भेजी जा सकी। रोहड़ू डिपो की करीब 8 बसें रास्ते में ही फंसीं हैं।
———————————–
रामपुर-रिकांगपिओ को बसें वाया बसंतपुर
कुफरी व नारकंडा में बर्फबारी से सड़क बंद हो गई है। रामपुर व रिकांगपिओ जाने वाली बसों को वाया बसंतपुर रवाना किया गया।
———
खिड़की में बंद हो गया चौपाल रूट
शिमला। शिमला-चौपाल रूट खिड़की के पास बर्फबारी के कारण बंद हो गया है। चौपाल से शिमला की ओर भेजी गई बस सुबह 10 बजे खिड़की में फंस गई। शिमला से भी चौपाल के लिए बसें रवाना नहीं हो सकीं।
——————————-
मंगलवार सुबह 9:45 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-22 कुफरी के पास बंद हो गया है। रामपुर रिकांगपिओ को वाया बसंतपुर बसें भेजी गई हैं। ठियोग, कोटखाई, रोहड़ू व चौपाल रूट पूरी तरह बंद हो गए हैं।
– देवासेन नेगी
क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी

कुफरी और नारकंडा में मशीनरी के साथ कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। कुफरी और नारकंडा में वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई है।
– बीएस भारद्वाज
अधीक्षण अभियंता, नेशनल हाईवे

Related posts