बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने अगले साल होने वाले आम चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी है। युवा मोर्चा वन बूथ टेन यूथ…के तहत कार्य करते हुए अब बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करेगा। इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। रविवार को यहां सर्किट हाउस में युवा मोर्चा के सदर मंडल अध्यक्ष अनिल गौतम की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। बैठक में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश चंदेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
बैठक में इस को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया है। जबकि प्रदेश कांग्रेस सरकार की जन विरोधी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने बारे भी विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश सरकार की बेरोजगारी भत्ता देने की झूठी घोषणा की युवा मोर्चा ने कड़ी निंदा की है। युवा मोर्चा के अध्यक्ष अनिल गौतम ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। घोषणापत्र में किए वायदों को पूरा नहीं किया जा रहा है। बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा भी महज कोरी निकली। युवा मोर्चा ने हाल ही में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के साथ विधायक द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार को भी निंदनीय करार दिया है।
बैठक में सदर भाजपा के मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, जिला भाजपा महामंत्री भीम सिंह चंदेल, जिला युवा मोर्चा के अध्यक्ष बृज लाल ठाकुर, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष मुनीर अख्तर लाली, जिला अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष दिनेश कुमार, युवा मोर्चा के सदर महामंत्री अजय चौहान, नगर इकाई अध्यक्ष अखिल ठाकुर, उपाध्यक्ष पवन ठाकुर, विक्रांत शर्मा, तुषार डोगरा, राकेश कुमार, सुनील शर्मा, संजीव, बबलू, विकास भार्गव, अंकुश, कुलदीप शर्मा, बुद्धि सिंह, माधव सांख्यान, अच्छर प्रभाकर, सुबोध नड्डा, शुभम, सानिद अख्तर, प्रिंस, अभिनय ठाकुर, रोहित प्रभाकर, देवेश चंदेल, पियूष चंदेल, केहर सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे