इकाई प्रबंधन-कामगारों के बीच नहीं सुलझा विवाद

पांवटा साहिब(सिरमौर)। जम्बूखाला स्थित एक इकाई में विवाद 24 वें दिन भी जारी है। इकाई प्रबंधन व कामगार यूनियन अपने पक्ष व मांगों पर अडिग रहे। श्रम निरीक्षक पांवटा के गोंदपुर कार्यालय में हुई बैठक बेनतीजा रही। दोनों पक्षों के बीच अब 9 अप्रैल को समझौता बैठक रखी गई है।
सीटू जिला महासचिव राजेंद्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष लाल सिंह ठाकुर, पांवटा तहसील इकाई अध्यक्ष लेखराज, महासचिव शराफत अली, नाहन कमेटी महासचिव धनी राम, जंबूखाला कामगार इकाई अध्यक्ष मोहम्मद नदीम व महासचिव पपिंद्र सिंह समझौता बैठक में शामिल हुए। मजदूर नेताओं ने कहा कि अपनी बात रखी जिसमें विभिन्न मांगों बारे पूर्व में प्रबंधन को अवगत करवाया था लेकिन मांगों को पूरा करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई गई। हड़ताल शुरू होने पर 10 कामगार हटाए गए। इन कामगारों को वापस रखने व मांग को लेकर मजबूरन क्रमिक अनशन शुरू करना पड़ा है।
वहीं, इकाई प्रबंधन वर्ग की तरफ से महाप्रबंधक पीसी जोशी व बालाजी बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इकाई प्रबंधन मांगों को लेकर गंभीर था। कामगारों से इस बारे बातचीत जारी थी। ऐसे में कामगारों का अचानक हड़ताल पर जाना गलत है।
उधर, श्रम निरीक्षक कमल सिंह ने पुष्टि की है। एलआई पांवटा ने कहा कि बैठक में दोनों पक्षों ने अपनी बात रखी लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका। इसलिए 9 अप्रैल को फिर दोनों पक्षों की बैठक रखी गई है जिससे विवाद समाप्त करने को बीच का रास्ता निकाला जा सके।
बाक्स…
पांचवें दिन भी क्रमिक अनशन जारी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा की जंबूखाला इकाई में विवाद जारी है। शनिवार को 24वें दिन हड़ताल जारी रही। हड़ताल में इकाई के करीब 78 कामगार शामिल हैं। इकाई कामगार यूनियन का क्रमिक अनशन 5वें दिन भी जारी है। कामगार यूनियन अध्यक्ष मोहम्मद नदीम व पपिंदर सिंह ने कहा कि शनिवार को श्यामलाल, राममूर्ति, हिम्मत सिंह व सोहन अनशन पर बैठे।

Related posts